नाथधारा का प्रभाव : संत परंपरा और सिख साधना का संवाद

Picture of प्रणय विक्रम सिंह

प्रणय विक्रम सिंह

@SamacharBhaarti

भारत की आध्यात्मिक परंपरा का एक सहज सत्य है कि यहां साधना किसी एक मार्ग की बंद चौखट नहीं, बल्कि अनेक पगडंडियों से गुजरती हुई एक बड़ी राह बन जाती है। कोई योग के सहारे भीतर की यात्रा करता है, कोई भक्ति में डूबकर परम सत्य को खोजता है और कोई ज्ञान के दीप से अपने मन का अंधकार दूर करता है। परंतु इन सबके बीच एक ऐसी धारा भी रही है जिसने साधना के इन विभिन्न मार्गों को जोड़ने का काम किया… यह धारा है नाथ पंथ की योग परंपरा, जिसकी तपती हुई धूनी ने भारतीय अध्यात्म को एक गहरा आयाम दिया।

नाथपंथ का प्रभाव इतना व्यापक रहा कि भारत का शायद ही कोई ऐसा कोना हो जहां उसकी साधना की सुगंध न पहुंची हो। महायोगी गुरु गोरखनाथ के बाद भारतीय अध्यात्म में ऐसा कोई संत या साधक दिखाई नहीं देता, जो किसी न किसी रूप में नाथयोग की परंपरा से प्रभावित न हुआ हो। योग, गुरु और आत्मानुभूति की जो साधना नाथपंथ ने प्रतिष्ठित की, उसने संतमत, भक्तिमार्ग और अनेक अन्य आध्यात्मिक धाराओं को भी स्पर्श किया। यहां तक कि सिख पंथ की साधना में भी उस प्रभाव की झलक मिलती है।

गोरखपुर से लगभग बाईस किलोमीटर दूर स्थित मगहर इसी समन्वय की एक महत्वपूर्ण भूमि है। यही वह स्थान है, जहां संत कबीर ने अपनी साधना की धूनी रमाई थी। लोकश्रुति कहती है कि इसी तपोभूमि पर एक अद्भुत संत-संगम हुआ, जहां श्री गोरक्षपीठ के महंत, संत कबीर, संत रविदास, संत केसरदास और गुरु नानकदेव एक साथ उपस्थित हुए। यह केवल संतों का मिलन नहीं था, बल्कि भारतीय अध्यात्म की विविध धाराओं का संवाद था।

कथा यह भी कही जाती है कि उस अवसर पर स्थानीय नवाब ने यज्ञ-भंडारे की व्यवस्था कराई, किंतु जल की व्यवस्था नहीं हो सकी। तब श्री गोरक्षपीठ के महंत ने भूमि पर अंगूठा दबाकर एक जलस्रोत उत्पन्न किया। उसी स्थान से जलधारा फूट पड़ी और एक छोटी तलैया बन गई, जो आज भी ‘गोरख तलैया’ के नाम से जानी जाती है। यह प्रसंग केवल चमत्कार की कथा नहीं, बल्कि उस तप और योगबल का प्रतीक है जो नाथयोगियों की साधना में प्रतिष्ठित था।

इतिहास, साहित्य और पंथ-परंपराओं के अध्ययन से यह स्पष्ट होता है कि नाथपंथ का प्रभाव सिख और खालसा पंथ पर गहरा रहा है। नाथपंथ की गुरु-शिष्य परंपरा में गुरु को जिस सर्वोच्च आध्यात्मिक प्रतिष्ठा के साथ स्थापित किया गया, वही सम्मान सिख परंपरा में भी दिखाई देता है। सिख पंथ के प्रवर्तक गुरु नानकदेव ने ‘गोरखहटड़ी’ में नाथयोगियों के साथ गहन ज्ञान-चर्चा की थी। यह स्थान भी गोरखनाथ की स्मृति से जुड़ा माना जाता है। गुरु नानकदेव की वाणी में नाथयोग की शब्दावली स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने ‘अजपा जप’, ‘अनाहत नाद’, ‘नाद-बिंदु’, ‘निरंजन’, ‘सहज’, ‘शून्य’ जैसे अनेक पारिभाषिक शब्दों का प्रयोग किया है।

नाथ योगियों के साथ उनकी जो दार्शनिक चर्चा हुई, वही आगे चलकर ‘सिद्ध गोष्ठी’ के नाम से विख्यात हुई। इससे स्पष्ट होता है कि नानकदेव ने नाथयोग के अनेक तात्त्विक तत्वों को अपने चिंतन में आत्मसात किया।

सिखों के दशम गुरु गुरु गोविंद सिंह की वाणी में भी योग की अंतर्धारा स्पष्ट दिखाई देती है। वे मन से कहते हैं…
“रे मन! इहि विधि जोगु कमाऊ।”
यहां योग बाहरी आडंबर नहीं, बल्कि अंतःकरण की साधना है। यह वही दृष्टि है जो नाथपंथ की साधना में दिखाई देती है, जहां योग का अर्थ बाहरी उपकरणों से नहीं, बल्कि आत्मसंयम और आंतरिक अनुशासन से है।

नाथपंथ का प्रभाव इतना व्यापक था कि पंजाब प्रदेश भी नाथयोगियों की साधना-भूमि बन गया। गुजरात और महाराष्ट्र की तरह पंजाब में भी नाथयोगियों की परंपरा विकसित हुई। महायोगी गुरु गोरखनाथ के प्रति आज भी पंजाबी समाज में गहरी श्रद्धा दिखाई देती है। गोरखपुर स्थित श्री गोरखनाथ मंदिर और पंजाबी समाज के मध्य जो आत्मीय संबंध दिखाई देता है, वह इसी ऐतिहासिक आध्यात्मिक प्रभाव का संकेत है।

यह प्रसंग हमें स्मरण कराता है कि भारतीय अध्यात्म की धाराएं भले अलग दिखाई दें, परंतु उनका मूल तत्व एक ही है… योग, गुरु और आत्मज्ञान की अखंड परंपरा।

भारत की आध्यात्मिक शक्ति इसी समन्वय में है। यहां योगी और संत विरोधी नहीं होते, वे एक ही सत्य के अलग साधक होते हैं। नाथपंथ की धूनी, संतों की वाणी और गुरुओं की साधना, तीनों मिलकर उसी सनातन चेतना को प्रकट करते हैं, जो भारत की आत्मा है।

Share this post:

READ MORE NEWS...

LIVE CRICKET SCORE

CORONA UPDATE

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

RASHIFAL

2024 Reserved Samachar Bhaarti | Designed by Best News Portal Development Company - Traffic Tail